अजमेर : घर-घर सर्वे अभियान के तृतीय चरण में 14 हजार से अधिक घरों के सर्वे में मिले 300 मरीज

प्रतीकात्मक फोटो


 (अजमेर) घर-घर सर्वे अभियान के तृतीय चरण में शनिवार को 14470 घरों का सर्वे किया गया। इनमें 379 मरीज आईएलआई लक्षणों के चिन्हित किए गए।


     जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि घर-घर सर्वे अभियान का तृतीय चरण जिले में संचालित किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत शनिवार को 14470 घरों का सर्वे किया गया। इनमें से 342 घरों में 379 व्यक्ति बीमार पाए गए। बीमार व्यक्तियों में से 58 ने निकटवर्ती चिकित्सालय से उपचार ले लिया। सर्वे दल द्वारा 321 व्यक्तियों को चिकित्सा विभाग द्वारा तैयार किए गए मेडिकल किट मौके पर ही प्रदान किए गए। अजमेर शहर में 4148 घरों के सर्वे में 80 परिवारों के 88 व्यक्ति बीमार पाए गए। अजमेर शहर क्षेत्र में 78 मेडिकल किट वितरित किए गए।


     उन्होंने बताया कि उपखण्ड क्षेत्र पुष्कर में 995 घरों का सर्वे करने पर पाए गए 8 बीमार व्यक्तियों को मौके पर ही मेडिकल किट दिए गए। मसूदा क्षेत्र में 3961 घरों का सर्वे हुआ। यहां 42 घरों में 48 मरीजों को मेडिकल किट प्रदान किए गए। अरांई क्षेत्र के 1095 घरों का सर्वे करने पर 54 मरीज बुखार, जुकाम एवं खांसी के मिले। इन्हें मेडिकल किट उपलब्ध करवाए गए। नसीराबाद क्षेत्र में 910 घरों का सर्वे करने पर 65 घरों में 77 मरीज पाए गए। इनमें से 29 व्यक्तियों को मेडिकल किट देकर लाभांवित किया गया। पीसांगन क्षेत्र में 3361 परिवारों के सर्वे में 93 परिवारों के 104 सदस्यों को मेडिकल किट दिए गए।



 

Comments