अजमेर : सर्वे अभियान के तृतीय चरण में 32 हजार घरों के सर्वे में मिले 723 मरीज

प्रतीकात्मक फोटो


 (अजमेर) जिला प्रशासन द्वारा सर्दी, खांसी, जुखाम और बुखार के मरीजों के लिए चलाए जा रहे अभियान में बीएलओ और सर्वे टीम के सदस्य घरों तक पहुंचे। सर्वे अभियान के तहत में शुक्रवार को 32100 घरों का सर्वे किया गया। इनमें 722 मरीज आईएलआई लक्षणों के चिन्हित किए गए।


     जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि घर-घर सर्वे अभियान का तृतीय चरण जिले में संचालित किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत शुक्रवार को 32100 घरों का सर्वे किया गया। इनमें से 667 घरों में 722 व्यक्ति बीमार पाए गए। बीमार व्यक्तियों में से 93 ने निकटवर्ती चिकित्सालय से उपचार ले लिया। सर्वे दल द्वारा 629 व्यक्तियों को चिकित्सा विभाग द्वारा तैयार किए गए मेडिकल किट मौके पर ही प्रदान किए गए। अजमेर शहर में 7683 घरों के सर्वे में 163 परिवारों के 174 व्यक्ति बीमार पाए गए। अजमेर शहर क्षेत्र में 160 मेडिकल किट वितरित किए गए।


     उन्होंने बताया कि उपखण्ड क्षेत्र अंराई में 1196 घरों का सर्वे करने पर बुखार, जुकाम एवं खासी के लक्षणों वाले 63 मरीजों को मेडिकल किट प्रदान किया। क्षेत्र का सर्वे कार्य पूर्ण हो गया है। मसूदा क्षेत्र में 5863 घरों का सर्वे हुआ। यहां 63 घरों में 68 मरीज पाए गए। समस्त मरीजों को मेडिकल किट दिया गया। किशनगढ़ क्षेत्र में 2859 घरों के सर्वे में 14 मरीज मिलने पर 12 मेडिकल किट उपलब्ध करवाए गए। पुष्कर क्षेत्र में शुक्रवार को 2491 घरों के सर्वे में 19 बीमार व्यक्तियों को दवा दी गई।


     उन्होंने बताया कि केकड़ी क्षेत्र में घर-घर सर्वे अभियान के दौरान 3019 घरों के सर्वे में 91 घरों में 102 मरीज पाए गए। समस्त बीमार व्यक्तियों को उपचार सुलभ करवाया गया। ब्यावर के ग्रामीण क्षेत्रों में 2340 घरों का सर्वे करने पर 54 घरों में 63 मरीज बुखार, जुकाम एवं खांसी के मिले। इन्हें मेडिकल किट दिए गए। ब्यावर शहरी क्षेत्र में 2567 घरों का सर्वे हुआ। यहां 57 घरों में 60 मरीज पाएं गए। इनमें से 37 को मौके पर मेडिकल किट दिए गए। नसीराबाद क्षेत्र में 4112 घरों के सर्वे में 143 घरों के 159 मरीज पाए गए। इन्हें मौके पर ही 105 मेडिकल किट दिए गए।



Comments